AI CCTV निगरानी, इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम और कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा, नकल पर होगी सख्त कार्रवाई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को प्रदेश के 60 जनपदों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। इस परीक्षा में 19,94,661 (करीब 20 लाख) अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा कुल 5 पालियों में संपन्न कराई जाएगी।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शुचितापूर्ण बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र को AI आधारित CCTV कैमरों से लैस किया गया है, जिन्हें आयोग के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
जानिए किस दिन किसकी परीक्षा होगी
आयोग के अनुसार 2 जुलाई की दोनों पालियों तथा 3 जुलाई की पहली पाली में उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। वहीं 3 जुलाई की दूसरी पाली और 4 जुलाई की पहली पाली में प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) स्तर की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
हर जिले में विशेष निगरानी, लागू रहेगी निषेधाज्ञा
आयोग ने प्रत्येक जिले के लिए सदस्य, सेवानिवृत्त आईएएस और सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारियों को प्रेक्षक नियुक्त किया है। जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक टीमें लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा (धारा 163) लागू रहेगी तथा सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखेंगी।
AI कैमरों से होगी हर गतिविधि की निगरानी
सभी परीक्षा केंद्रों के कमरों और महत्वपूर्ण स्थानों को AI CCTV कैमरों से कवर किया गया है। इन कैमरों की लाइव फीड जिला कंट्रोल रूम और आयोग के अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में देखी जाएगी, जिससे किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
नकल पर होगी कठोर कार्रवाई
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में नकल कराने, पेपर लीक करने या परीक्षा की गोपनीयता भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में नकल कराने, पेपर लीक करने या परीक्षा की गोपनीयता भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें और प्रवेश पत्र में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करें। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से ही जानकारी प्राप्त करें।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और आयोग पूरी प्रतिबद्धता के साथ परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए तैयार हैं। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।
